Uttarakhand Assembly Session: गैरसैंण पहुंचे सीएम धामी, भव्य स्वागत; मंगलवार को बजट होगा पेश
27 अक्टूबर से शुरू होगा विधानसभा सत्र, 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश; विपक्ष कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में
देहरादून/गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) पहुंचे। उनके आगमन पर रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। गौचर, कर्णप्रयाग और खेती सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
रुद्रप्रयाग में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, चमोली जनपद में विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया।
गैरसैंण पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री ने आदिबद्री में स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर लोगों और बच्चों से मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थानों पर मिले स्वागत और स्नेह के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।
7000 करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश
उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र 27 अक्टूबर से भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू होगा। सत्र के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान धामी सरकार 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा विभिन्न विधेयक और विभागों की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में रखी जानी हैं।
विधानसभा सचिवालय को विधायकों की ओर से 445 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दिए जाने के कारण प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
विपक्ष के निशाने पर कानून व्यवस्था और बेरोजगारी
विधानसभा सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर बहस होने की संभावना है। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी जमीनों से जुड़े आरोपों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है। ऐसे में सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस सत्र को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार जहां अनुपूरक बजट और विकास कार्यों के जरिए अपनी प्राथमिकताएं सामने रखेगी, वहीं विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग सकता है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


