Lalkuan Accident: भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, कैंटर ने स्कूटी को मारी टक्कर
लालकुआं में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
लालकुआं के सुभाष नगर बैरियर के पास हादसा, स्कूटी के उड़े परखच्चे; पुलिस ने कैंटर और क्षतिग्रस्त स्कूटी जब्त की
लालकुआं। हल्द्वानी से लालकुआं के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। रविवार देर शाम लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर पुलिस बैरियर के पास तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कैंटर चालक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान स्कूटी उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी संख्या UK04 AN 5112 पर सवार दो युवक रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बरेली की ओर से आ रहे कैंटर संख्या UP25 FT 1983 ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कैंटर और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि मृतकों की पहचान चेतन बिष्ट (21), निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और दीक्षित बिष्ट (24), निवासी भवाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल कैंटर और क्षतिग्रस्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
तीन दिन में दो भीषण हादसे, पांच लोगों की मौत
हल्द्वानी से लालकुआं के बीच बरेली रोड हाईवे पर लगातार सामने आ रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले शुक्रवार शाम हल्द्वानी के तीनपानी ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। इस हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई थी, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हुई थी। अब लालकुआं में कैंटर और स्कूटी की भिड़ंत में दो और युवकों की जान चली गई। इस तरह तीन दिन के भीतर दो भीषण सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर तेज रफ्तार, जोखिम भरी ओवरटेकिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


