उत्तराखंड: हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कई वाहन टकराए; 9 घायल, पति-पत्नी की मौत
मोतीचूर फ्लाईओवर के पास रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कई वाहनों की टक्कर; सीएनजी सिलेंडर फटने से लगी आग
देहरादून। उत्तराखंड में देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद एक कार में आग लग गई। हादसे में पति-पत्नी समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस रायवाला थाना क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर लाइट नहीं थी, जिससे पीछे से आ रही बस चालक को वाहन दिखाई नहीं दिया और टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से जा भिड़ी। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे चल रहा एक लोडेड ट्रक और महिंद्रा एक्सयूवी भी आपस में टकरा गए। देखते ही देखते कई वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में धमाका हो गया, जिससे स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर ही छोड़कर मौके से दूर हट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान
हादसे में सचिन (40) पुत्र नंदराम और उनकी पत्नी कुसुम (30), निवासी भोगपुर, नजीबाबाद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों झंडा मेला से लौटकर अपने घर बिजनौर जा रहे थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे।
घायल लोग
गुलशन (11) पुत्र जगदीश, निवासी तीती सोता, बिजनौर
सुभाष (40) पुत्र रामचरण, निवासी नागल सूती, बिजनौर
विक्की (28) पुत्र नंदराम, निवासी भोगपुर, नजीबाबाद
आरव (6) पुत्र विक्की, निवासी भोगपुर, नजीबाबाद
लबी (19) पुत्र मदन, निवासी रानी कोटा रायपुर, नजीबाबाद
नीतू (35) पत्नी मदन, निवासी रानी कोटा रायपुर, नजीबाबाद
सोनिया (12) पुत्री सचिन, निवासी भोगपुर, नजीबाबाद
अंशिका (6) पुत्री सचिन
दिव्यांशु (8) पुत्र सचिन
क्या बोले अधिकारी
हरिद्वार एसपी सिटी Abhay Pratap Singh ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर लाइट नहीं थी। बस के टकराने के बाद कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान बीच में फंसी एक कार में सीएनजी सिलेंडर के कारण आग लग गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


