अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई लालकुआं डेयरी की कार्यप्रणाली, एफएओ टीम के साथ इंग्लैंड के प्रतिनिधि भी पहुंचे
संयंत्र की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की सराहना की।
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल दुग्धशाला में दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर यहां की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस प्रतिनिधिमंडल में इंग्लैंड से आए प्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिन्होंने संयंत्र की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली में विशेष रुचि दिखाई।
भ्रमण के दौरान टीम ने संयंत्र में दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की पूरी प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संयंत्र में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
एफएओ टीम ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की सराहना की। अधिकारियों ने टीम को संयंत्र की उत्पादन क्षमता, दुग्ध संग्रहण प्रणाली तथा किसानों से जुड़े सहकारी ढांचे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने भी दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था और किसानों से जुड़े सहकारी मॉडल को करीब से समझा तथा इसे किसानों के लिए उपयोगी पहल बताया। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पशु आहार निर्माण शाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


