नैनीताल-भीमताल व भवाली में AI कैमरे, ANPR से ट्रैफिक व सुरक्षा पर सख्ती
पर्यटन नगरी क्षेत्रों की निगरानी अब AI आधारित ANPR कैमरों से, नैनीताल-भीमताल-भवाली में स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम लागू
हल्द्वानी। जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों—नैनीताल, भीमताल और भवाली—में अब AI आधारित ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 33 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इन कैमरों की मदद से वाहनों की आवाजाही, गति नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही शहर में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले सभी वाहनों का वैज्ञानिक डेटा तैयार होगा, जिसे कंट्रोल रूम और मोबाइल के माध्यम से भी मॉनिटर किया जा सकेगा।
आयुक्त ने यह भी कहा कि नैनीताल शहर में पहले से संचालित ANPR कैमरों के जरिए नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स की निगरानी भी संभव होगी, जिससे राजस्व प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंचीधाम गेट के पास भी आगामी 15 जून 2026 मेले से पूर्व ANPR कैमरा स्थापित किया जाए, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सटीक संख्या का आकलन किया जा सके। इसके लिए बैठक में ही आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा सरोवर नगरी नैनीताल, भवाली और कैंचीधाम में कैमरों के माध्यम से वाहनों की निगरानी संबंधी विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस दौरान पिछले 24 घंटे का ट्रैफिक डेटा भी साझा किया गया, जिसके अनुसार हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन, नैनीताल से हल्द्वानी 1577 वाहन, भवाली से नैनीताल 2540 और नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया।
बैठक में एएसपी आरडी मठपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


