देहरादून: पीआरडी जवान मौत कांड में सख्ती, SI सस्पेंड, चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
एसएसपी की सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
लापरवाही और अनुचित व्यवहार पर तुरंत एक्शन, दोषियों पर लगातार बढ़ रही कार्रवाई
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में पीआरडी जवान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने ड्यूटी के दौरान पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार न करने पर उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे पहले थाना रायपुर के एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया जा चुका है।
प्रेस रिलीज के अनुसार, 28 मार्च को रायपुर थाने में पीआरडी कर्मी की आत्महत्या के प्रकरण के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना डालनवाला से उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान उनके आचरण को अनुचित पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि 28 मार्च को पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की रायपुर थाने में मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, उसने हिरासत के दौरान कंबल का इस्तेमाल कर फांसी लगा ली थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे पुलिस हिरासत में हुई मौत बताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने घटना के समय थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके नाम सार्वजनिक करने की भी मांग की है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पहले ही रायपुर थाना प्रभारी (SHO) और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च की रात डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल के पैसे देने से इनकार कर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर हंगामा कर रहा है। सूचना पर पहुंची रायपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में वह लॉकअप के अंदर बेसुध अवस्था में मिला, जिसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


