Pithoragarh News: घर के आंगन से 10 साल के बच्चे को उठा ले गया गुलदार, 200 मीटर दूर मिला शव
गंगोलीहाट में गुलदार के हमले की सांकेतिक तस्वीर।
गंगोलीहाट के खेतीगांव में हुई घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, पहले भी जिलाधिकारी से गुलदार को पकड़ने की मांग की गई थी।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में शनिवार शाम गुलदार ने घर के पास खेल रहे 10 वर्षीय बालक को उठा लिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गुलदार का पीछा करते हुए खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर बाद बालक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर भंडारीगांव और खेतीगांव के बीच शनिवार शाम करीब पांच बजे रियांशु पुत्र भगवान राम घर के आंगन के पास खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उसे अपना शिकार बना लिया और उठाकर ले गया। घटना का पता चलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने गुलदार का पीछा किया और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू कर दी।
कुछ देर बाद रियांशु का शव घर से करीब 200 मीटर और मुख्य सड़क से लगभग 250 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और भाई समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार शव को गंगोलीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पहले भी ग्रामीणों ने दी थी गुलदार की सक्रियता की जानकारी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता के अनुसार 25 सितंबर को जनता दरबार में जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर गांव में गुलदार की सक्रियता की जानकारी दी गई थी और उसे पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद गुलदार को पकड़ने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


