Haldwani News: राज्यपाल ने 36 मेधावियों को दिए स्वर्ण पदक, 14,857 को मिली उपाधि
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि दी, अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से किया सम्मानित।
हल्द्वानी, 18 नवंबर 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण करने के बाद शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
कुलसचिव खेमराज भट्ट के संचालन में आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। NCVET से रेगुलेटरी अथॉरिटी एवं ड्यूल रिकग्निशन मिलने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी करने की उपलब्धि भी हासिल की है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई तथा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहल भी शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कुलपति ने शोध उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। इसके साथ ही UCOST सहित सात पुरस्कार भी विश्वविद्यालय को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक समझौतों, शोध अनुदान और शोधार्थियों को दी जा रही अध्येतावृत्ति की जानकारी भी दी।
आठ शोधार्थियों को पीएचडी, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। वहीं, 36 मेधावी शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक के लिए स्नातक स्तर पर शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री, विनीता अग्रि, तनुजा चुफाल, संगीता लिम्बू एवं जितेन्द्र का चयन किया गया। स्नातकोत्तर स्तर पर सोनिया नेगी, वंदना ध्यानी, वंशिता अग्रवाल, सरिता पालनी, भूमिका मनराल, अंजू कपरी, हिमांशु उप्रेती, नीलम जोशी, प्रियंका शर्मा, ललित कांडपाल, पवन ममगाईं, प्रेरणा भट्ट, मिताली पांडेय, कुमारी आस्था, प्रदीप चन्द्र मिश्रा, ज्योत्सना जोशी, मोहन चन्द्र घिल्डियाल, अनुज भार्गव एवं पूजा भट्ट को स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत बीए में प्रकाश चन्द्र, बीसीए में अपराजिता जोशी, बीकॉम में दिव्यांशु और बीएससी में सुषांत कुमार को स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया। कुलाधिपति स्वर्ण पदक के लिए बीएलआईएस में जितेन्द्र तथा एमएलआईएस में प्रेरणा भट्ट का चयन हुआ।
प्रायोजित स्वर्ण पदकों में अपराजिता जोशी को लाला देवकी नंदन नंद किशोर एजेंसीज स्मृति स्वर्ण पदक, प्रेरणा भट्ट को श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक तथा पवन ममगाईं को श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया। विशेष शिक्षा स्नातक (बौद्धिक दिव्यांगता) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक के लिए चयनित किया गया।
लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में लगातार मेधावी विद्यार्थियों के लिए तीन स्वर्ण पदक प्रायोजित किए जा रहे हैं। इनमें उनके संस्थान तथा माता और दादी की स्मृति में दिए जाने वाले पदक शामिल हैं।
अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि, अतिथियों ने शिक्षा और नवाचार पर दिया जोर
समारोह में अश्वनी लोहनी को प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। वह भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए भी उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी, नई दिल्ली के निदेशक हैं।
NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उच्च शिक्षा को सर्वसुलभ और लोकतांत्रिक बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शिक्षार्थियों से आजीवन सीखने और अपने व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की ग्रामीण क्षेत्रों, सैनिकों, कारागारों और दिव्यांगजनों के लिए संचालित पहलों की सराहना की।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ाने और शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजन करने वाला भी बनना चाहिए।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।
उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से दुर्गम क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने, एक लाख से अधिक पुस्तकों के निःशुल्क वितरण और आठ गांवों को गोद लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने युवाओं से तकनीकी कौशल विकसित करने, अनुसंधान एवं नवाचार को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने में निहित है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को भी सतत विकास के लिए अनिवार्य बताया।
‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों का संचालन डॉ. शशांक शुक्ला, डॉ. सुचित्रा अवस्थी, गौरव उपाध्याय एवं हर्षिता मेहता ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह हजारों शिक्षार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ ही उच्च शिक्षा के विस्तार, शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने वाला अवसर रहा।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Datia Dham: 36 दिवसीय निराहार साधना की पूर्णता पर मां बगलामुखी महायज्ञ, उमड़े श्रद्धालु