नैनीताल: जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, पुराने वादों के त्वरित निस्तारण पर जोर
खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विद्यार्थियों के कौशल विकास, स्वच्छता अभियान को 24×7 मोड में चलाने और अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
नैनीताल,18 मई 2016: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को नैनीताल कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। वाहनों के सुव्यवस्थित उपयोग तथा ईंधन एवं तेल की बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों एवं क्षेत्रों से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, राजस्व वादों, कानून व्यवस्था, राजस्व व अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि नियमित सुनवाई करते हुए प्राथमिकता के आधार पर पुराने वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विभिन्न आयोगों से संबंधित जांच रिपोर्टों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से प्रेषित किया जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपनी-अपनी तहसीलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट जिला कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उप जिलाधिकारी सरकारी जमीन के संरक्षक एवं कस्टोडियन हैं, चाहे जमीन किसी भी विभाग या श्रेणी की हो।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों में डिग्री स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआर एवं जीएसटी से संबंधित प्रशिक्षण तथा बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें रोजगारपरक दक्षताओं से जोड़ा जा सके।
नगर निकायों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगरीय एवं पैरी-अर्बन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु राउंड द क्लॉक स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी नियमित रूप से स्वच्छता कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। अधिक मात्रा में कूड़ा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को चिन्हित करते हुए कूड़े का उचित निस्तारण कराया जाए तथा निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारण न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मच्छरों का लार्वा न पनपे, इसके लिए अभी से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएं तथा कूड़े का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज विभाग तथा वन क्षेत्रों में संबंधित डीएफओ द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार हो और अच्छा स्थान प्राप्त हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें।
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि दैवीय आपदा तथा खनिज न्यास से संबंधित पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उनकी थर्ड पार्टी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में कार्यों की गुणवत्ता, मानकों के अनुपालन तथा धनराशि के उपयोग का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सौरभ असवाल,
सभी उप जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


