Nainital News: गुंडा एक्ट में अभियुक्त जिला बदर, नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस की जिला बदर कार्रवाई।
काठगोदाम क्षेत्र के रोहित आर्या को छह माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर किया गया, चार मुकदमे हैं दर्ज।
नैनीताल, 24 नवंबर 2026। जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली काठगोदाम क्षेत्र के एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जनपद की सीमा से बाहर कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों के क्रम में की गई इस कार्रवाई में रोहित आर्या पुत्र प्रेम राम निवासी नवाड़खेड़ा, गौलापार, काठगोदाम को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।
जिलाधिकारी नैनीताल की ओर से जिला बदर किए जाने के आदेश जारी होने के बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रोहित आर्या को नियमानुसार नैनीताल जनपद की सीमा से बाहर किया।
काठगोदाम थाने में दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के अनुसार जिला बदर किए गए रोहित आर्या के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में वर्ष 2016 से 2025 के बीच चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2016 का मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मामला शामिल है। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


