Nainital News: भूमियाधार में 70 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, एक की मौत; चार घायल
भूमियाधार हादसे के बाद खाई में चला SDRF का रेस्क्यू अभियान
कैंची धाम से लौट रहे थे हरियाणा के पर्यटक, अंधेरे में दो से तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान
नैनीताल, 03 अक्टूबर 2026। नैनीताल जिले के भूमियाधार के पास शनिवार देर शाम कैंची धाम से लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो से तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा से आए पांच पर्यटक शनिवार को नैनीताल क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। कैंची धाम में दर्शन और भ्रमण के बाद सभी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। भूमियाधार के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरने की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को दी।
अंधेरे और गहरी खाई में SDRF ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। अंधेरा होने और खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी चुनौती आई। SDRF पोस्ट नैनीताल से एसआई मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर अभियान शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में सवार चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी सोनू के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है।
तीन घायलों का भवाली में उपचार, एक हल्द्वानी रेफर
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल अभय (27), राहुल (22) और विनोद (30), निवासी करनाल, का भवाली सीएचसी में उपचार चल रहा है। वहीं पानीपत निवासी विक्रम गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि भूमियाधार के पास स्कॉर्पियो के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


