रुद्रपुर में ‘स्पा’ की आड़ में चल रहा था हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में 6 गिरफ्तार
रुद्रपुर में स्पा सेंटर पर छापेमारी के बाद कार्रवाई करती AHTU और पुलिस टीम
मिजोरम से नौकरी का झांसा देकर लाई जा रही थीं युवतियां, AHTU और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा
रुद्रपुर, 05 मई 2026 : ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर के गाबा चौक स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने छापेमारी कर 2 नाबालिग सहित 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि 2 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित मिजोरम से युवतियों को अच्छे काम और बेहतर कमाई का लालच देकर रुद्रपुर लाते थे और बाद में उन्हें डरा-धमकाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे।
सूचना मिलने पर AHTU ने की छापेमारी
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ में बाहरी राज्यों की युवतियों से अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी, प्रभारी AHTU के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने औचक छापेमारी करते हुए स्पा सेंटर से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 5 मोबाइल फोन, एक स्कैनर मशीन, रिसेप्शन रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी लेकर कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं।
2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिनमें 2 नाबालिग बताई जा रही हैं। सभी युवतियां मिजोरम राज्य की निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित उन्हें नौकरी और अच्छी सैलरी का लालच देकर उत्तराखंड लाते थे। यहां आने के बाद युवतियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर ग्राहकों के साथ अनैतिक कार्य करने के लिए मजबूर किया जाता था।
पुलिस ने रेस्क्यू की गई युवतियों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए उनके काउंसलिंग और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
ये लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में स्पा सेंटर की संचालिका सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लालनुनसियामी उर्फ किकी निवासी कोलासिब मिजोरम, उसका पति मौ. शेहरियार निवासी बरेली, एच लालछनहिमा निवासी मिजोरम, दीपक सिंह निवासी रुद्रपुर, संजय श्रीवास्तव निवासी पीलीभीत/रुद्रपुर तथा लालरमजावी उर्फ निकी निवासी मिजोरम शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से इस रैकेट का संचालन कर रहे थे और बाहर से लड़कियों को बुलाकर स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा था।
मिजोरम पुलिस से भी किया गया संपर्क
जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले से जुड़े कुछ प्रकरण पहले से मिजोरम में भी दर्ज हैं। मिजोरम के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन, आइजोल में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मिजोरम पुलिस के निरीक्षक दीपक पाठक से संपर्क स्थापित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, कोतवाली रुद्रपुर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका रही अहम
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी, एसआई रीता, एएसआई संगीता चंद, कांस्टेबल ममता मेहरा, सीमा, कृपाल सिंह, सूरज धामी, विरेन्द्र पाण्डे और राजेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


