Haldwani News: बाइकों की भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौत, दो गंभीर घायल
हल्द्वानी में दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, दो घायल।
रामपुर रोड पर टांडा जंगल के एस-मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा, मृतकों में बेतालघाट में तैनात वीडीओ भी शामिल; भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था दूसरा युवक
हल्द्वानी, 2 नवंबर 2026। रामपुर रोड पर टांडा जंगल के एस-मोड़ के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
अस्पताल पहुंचने पर दो को मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे टांडा जंगल में एस-मोड़ से कुछ दूरी पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे में घायल चारों लोगों को तत्काल एसटीएच पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य का उपचार शुरू किया गया।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र स्वर्गीय कुंदन सिंह बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 29 वर्षीय राजीव गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल निवासी वार्ड नंबर छह, रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के पद पर तैनात थे। हादसे के समय वह अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे।
शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे राजीव
दूसरी बाइक पर राजीव गुप्ता अपने बहनोई 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा के साथ सवार थे। बताया गया कि राजीव अपनी भांजी भावना की आगामी 15 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड रिश्तेदारों को बांटने के लिए हल्द्वानी आए थे। कार्ड बांटने के बाद वह अपने बहनोई के साथ रुद्रपुर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के लिए यह हादसा दुखों का पहाड़ बनकर टूट पड़ा।
हादसे में 32 वर्षीय बृजेश सती पुत्र जगदीश चंद्र सती निवासी कालाढूंगी बंदोबस्ती और 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का एसटीएच में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बृजेश सती की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर राजीव गुप्ता के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
एसएचओ हल्द्वानी विजय मेहता ने बताया कि हादसे में घायल चारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां दो को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं। घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान बाइकों की भिड़ंत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


