Bageshwar News: भतीजे ने चाचा-चाची को लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला, दोहरे हत्याकांड से सनसनी
भतीजे पर चाचा-चाची की लोहे की रॉड से हत्या का आरोप।
बीच-बचाव करने आई परिवार की बहू पर भी किया जानलेवा हमला, चार पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं; पारिवारिक विवाद की आशंका
बागेश्वर, 2 नवंबर 2026। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड की वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने अपने ही चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची परिवार की एक अन्य महिला को भी आरोपी ने निशाना बनाया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं।
जानकारी के अनुसार, नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने रविवार देर रात कथित तौर पर नशे की हालत में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद वह नीचे वाले कमरे में पहुंचा और अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) को भी रॉड से बुरी तरह पीट दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले की आवाज सुनकर पूरन चंद्र के बेटे की बहू दर्शनी देवी उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि गोविंद बल्लभ ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। अपनी और अपनी छोटी बच्ची की जान बचाने के लिए दर्शनी देवी ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। बाद में वह किसी तरह दूसरे रास्ते से बाहर निकलने में सफल रही।
वारदात के बाद आरोपी तीनों को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। देर रात चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और उनकी पत्नी भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।
पहले भी परिवार ने की थी शिकायत
बताया जा रहा है कि गोविंद बल्लभ के व्यवहार से परिवार के लोग पहले से परेशान थे। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के आपत्तिजनक व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
चार पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका सामने आ रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


