Haldwani News: टांडा रोड पर दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराई बाइक; दो युवकों की मौत
टांडा रोड पर पेड़ से टकराई बाइक, हादसे में दो युवकों की मौत — Uttarakhand Morning Post
एस बैंड के पास तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित किया
हल्द्वानी, 18 सितंबर 2026। हल्द्वानी से रुद्रपुर जाने वाले हाईवे पर टांडा रोड में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एस बैंड के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एस बैंड के पास पेड़ से टकराई बाइक
एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक राहगीर ने टांडा रोड स्थित एस बैंड के पास सड़क किनारे बाइक के पेड़ से टकराने और दो युवकों के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BN8480 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। बाइक के पास दोनों युवक पड़े थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था तथा शरीर में अकड़न पाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रुद्रपुर के रहने वाले थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान पुत्र राजपाल सिंह चौहान, निवासी फुलसुंगी, बनखंडी नाथ नगर फेज-4, वार्ड नंबर-1, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर तथा 24 वर्षीय वैभव छाबरा पुत्र अशोक कुमार, निवासी नंद विहार कॉलोनी, गगनपुर रोड, फुलसुंगी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जांच जारी
पुलिस के प्रथम दृष्टया घटनास्थल निरीक्षण और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बाइक तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, जिससे हादसा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेजा जा रहा है। हादसे की खबर के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


