Haldwani News: भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार, हल्द्वानी-कालाढूंगी-लालकुआं से कौन-कौन मैदान में?
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा में टिकट की दौड़ तेज।
मदन कौशिक ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों में की रायशुमारी, हर सीट पर एक दर्जन से अधिक नेताओं ने पेश की दावेदारी; आने वाले दिनों में और नाम सामने आने के आसार
हल्द्वानी, 4 नवंबर 2026। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन स्तर पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर रायशुमारी का दौर शुरू होने के साथ ही पार्टी के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर हलचल बढ़ने लगी है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कोर कमेटी सदस्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी स्थित कुमाऊं संभाग कार्यालय में हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं एवं संभावित दावेदारों के साथ मैराथन रायशुमारी की। इससे पहले भीमताल और नैनीताल विधानसभा क्षेत्रों में भी रायशुमारी की जा चुकी है।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी के दौरान टिकट के दावेदारों की लंबी कतार देखने को मिली। प्रत्येक सीट से एक दर्जन से अधिक नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और प्रभारी मंत्री के समक्ष अपनी दावेदारी रखते हुए चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर कई प्रमुख चेहरे टिकट की दौड़ में सामने आए हैं। इनमें पूर्व मेयर जोगेंद्र पाल रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, हुकुम सिंह कुंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति भट्ट और निश्चल पांडे के नाम शामिल हैं।
वहीं कालाढूंगी विधानसभा सीट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक बंशीधर भगत के पुत्र विकास भगत, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरमवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सुरेश तिवारी समेत कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।
लालकुआं विधानसभा सीट पर भी टिकट को लेकर भाजपा के भीतर कई चेहरे सामने आए हैं। यहां वर्तमान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र सिंह कोश्यारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश शर्मा, प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा देवेंद्र सिंह बिष्ट (देवू), पूर्व प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा कमल जोशी (मुनि) और पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश बेलवाल के नाम दावेदारों में शामिल हैं।
हालांकि, फिलहाल सामने आए ये नाम संभावित दावेदारों की सूची का हिस्सा हैं। राजनीतिक जानकारों की नजर में रायशुमारी की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही तीनों विधानसभा क्षेत्रों में टिकट की दावेदारी करने वाले अन्य नेता भी आने वाले दिनों में उभरकर सामने आ सकते हैं। ऐसे में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी सरगर्मी और बढ़ने के आसार हैं।
कार्यकर्ताओं से संवाद और जीत की रणनीति पर फोकस
भाजपा कोर कमेटी के सदस्य मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सभी प्रभारी मंत्रियों को आवंटित जिलों में भेजा गया है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, जनता की राय जानना और संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की जीत की संभावनाओं का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा किस तरह प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करे, इसी रणनीति के तहत संगठन स्तर पर रायशुमारी की जा रही है। कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह है और सभी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं।
एंटी-इनकंबेंसी से इनकार, 60 पार का लक्ष्य
प्रदेश सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर (एंटी-इनकंबेंसी) के सवाल पर मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा के सामने ऐसी कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सरकार के खिलाफ कोई एंटी-इनकंबेंसी नहीं है और पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘अबकी बार 60 पार’ के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का भरोसा जताया।
फिलहाल हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं सीटों पर सामने आए दावेदारों के नामों ने भाजपा की अंदरूनी राजनीति को गर्मा दिया है। अब रायशुमारी के निष्कर्षों और प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


