Bageshwar News: 17 दिन से लापता अधिवक्ता का शव खाई में मिला, हत्या की आशंका से सनसनी
17 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का खाई में मिला शव।
आरोपी की निशानदेही पर गहरी खाई से बरामद हुआ शव, आज एसपी करेंगे मामले का खुलासा।
बागेश्वर, 4 नवंबर 2026। 17 दिनों से लापता अधिवक्ता एवं नगर पालिका के पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार का शव मंगलवार देर रात नदीगांव रोड स्थित थुणाई के डिगर पातल में गोमती नदी किनारे गहरी खाई से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। धीरेंद्र 17 अक्टूबर से लापता थे और परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में हिरासत में लिए गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान शव को खाई में फेंके जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। उसकी निशानदेही पर खाई में तलाश अभियान चलाया गया। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम को शव बाहर निकालने के लिए संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। धीरेंद्र की मां नंदी परिहार ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर परिजनों के साथ अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
धीरेंद्र परिहार के परिवार में मां नंदी परिहार, पिता गोविंद सिंह परिहार, भाई पंकज परिहार और बहन दीक्षा परिहार हैं। उनकी मां भी नगर पालिका की पूर्व सभासद रह चुकी हैं। परिवार के सदस्य पिछले 17 दिनों से उनकी सकुशल वापसी की आस लगाए बैठे थे।
आज पुलिस करेगी मामले का खुलासा
सीओ बागेश्वर अजय शाह ने बताया कि धीरेंद्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बुधवार, 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक प्रेस वार्ता कर मामले में विस्तृत जानकारी देंगे। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


