Haldwani News: गोरापड़ाव में भीषण सड़क हादसा, कैंटर की टक्कर से बाइक में लगी आग; दो गंभीर घायल
गोरापड़ाव में कैंटर की टक्कर के बाद आग से क्षतिग्रस्त बाइक।
गोरापड़ाव पेट्रोल पंप के पास हुई दुर्घटना के बाद मची अफरा-तफरी, अग्निशमन टीम ने आग पर पाया काबू; पुलिस ने शुरू की जांच।

हल्द्वानी, 02 जुलाई 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गुरुवार को गोरापड़ाव क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे एक कैंटर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच), हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर संख्या UK-04 CC-0462 हल्द्वानी की ओर से रॉन्ग साइड में लालकुआं की दिशा में आ रहा था। गोरापड़ाव पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही बाइक संख्या UK-04 T-1532 से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क पर गिरते ही आग की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कैंटर का रॉन्ग साइड से आना माना जा रहा है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है तथा दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। हादसे में घायल दोनों युवकों की पहचान लालकुआं निवासी अयान और सिद्धार्थ के रूप में हुई है। विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


