हल्द्वानी दोहरा हत्याकांड: पुलिस के हाथ लगे महत्वपूर्ण सुराग , जल्द हो सकता है खुलासा
युवक- युवती की पत्थरों से कुचलकर की गई थी बेरहमी से हत्या

Haldwani News- हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड मामले में पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है ,सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं।
गौरतलब है कि यहां अज्ञात बदमाशों ने 21साल की युवती और 30 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। शुरुआती जांच में संकेत मिल रहे हैं कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद का नतीजा हो सकती है। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है।
घटना स्थल पर पुलिस को दोनों मृतकों के पास एक बड़ा और भारी पत्थर मिला, जिससे उनके सिर को कुचला गया था। पत्थर पर खून के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। शवों की हालत इतनी भयावह थी कि चेहरे देखकर पहचान करना लगभग असंभव था।
मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई, जो नशा मुक्ति केंद्र में कार्य करता था। पुलिस को यह जानकारी उनके आधार कार्ड और उसमें दर्ज मोबाइल नंबर से मिली। मृत युवती की पहचान ओखलकांडा ब्लॉक के मल्ली पोखरी निवासी कु. लक्ष्मी, पुत्री हेम चंद्र पोखरिया के रूप में हुई। लक्ष्मी एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों मुखानी क्षेत्र में एक साथ रहते थे।
गुरुवार सुबह दोनों शव मंडी परिसर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खुद एसपी सिटी मनोज कत्याल भी मौके पर पहुंचे और मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट है कि पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है। मृतकों के जेब से कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनसे उनकी शिनाख्त हुई है, वहीं मामले का खुलासा करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को तैनात कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
जल्द हो सकता है दोहरे हत्याकांड का खुलासा
दोनों की हत्या क्यों हुई और ये गल्ला मंडी कैसे पहुंचे अभी इसका खुलासा फिलहाल नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को हत्यारों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल गईं है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम उनसे पूछताछ में जुटी हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


