Haldwani Crime: पति ने फावड़े के हत्थे से पत्नी का सिर फोड़ा, इलाज के दौरान मौत
गौलापार में आपसी विवाद के बाद पति के हमले में घायल पत्नी की उपचार के दौरान मौत, आरोपी हिरासत में.
आपसी विवाद के बाद तलवार लेकर पति की ओर बढ़ी पत्नी, फावड़े से किया हमला; आरोपी पति हिरासत में, हत्या का मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया। कहासुनी के दौरान तलवार लेकर पति की ओर बढ़ी पत्नी पर पति ने फावड़े के हत्थे से सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के देवला तल्ला पजाया, गौलापार का है। पुलिस के अनुसार यहां 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान है। उसकी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत के साथ अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।
कहासुनी के बाद तलवार लेकर पति की ओर बढ़ी पत्नी
पुलिस के मुताबिक गुरुवार दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नीलम ने घर में रखी तलवार उठा ली और पति की ओर बढ़ी। इसी दौरान महेंद्र ने सामने रखे फावड़े के हत्थे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया।
हमले में नीलम के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को सूचना दी।
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, निजी अस्पताल में मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नीलम को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने महिला को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बहन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा
एसएचओ जसवीर सिंह चौहान के अनुसार, मृतका की बहन की तहरीर के आधार पर आरोपी पति महेंद्र सिंह रावत के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और दंपती के बीच विवाद के कारणों की जांच कर रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


