चम्पावत में कल से शुरू होगा भव्य गोल्ज्यू महोत्सव-2026, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री धामी कल चम्पावत दौरे पर रहेंगे।
एमआरआई मशीन का लोकार्पण, विकास योजनाओं के शिलान्यास और स्टार नाइट कार्यक्रमों में भी होंगे शामिल
चम्पावत, 03 मई 2026। जनपद चम्पावत में 04 मई से शुरू होने जा रहे भव्य ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को एक दिवसीय चम्पावत दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ महोत्सव का शुभारंभ भी करेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे एसएसबी हेलीपैड चम्पावत पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री इसके बाद जिला चिकित्सालय स्थित सीसीयू ब्लॉक में पहुंचकर एमआरआई मशीन सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण करेंगे। माना जा रहा है कि इससे चम्पावत जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री गोरल मंदिर में दर्शन-पूजन और विशेष अनुष्ठान में शामिल होंगे। इसके बाद वह गोरलचौड़ मैदान पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री गोल्ज्यू महोत्सव-2026 में भी शिरकत करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे।
नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा आयोजित यह 10 दिवसीय महोत्सव 13 मई तक चलेगा। महोत्सव में धार्मिक आस्था, उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का विशेष संगम देखने को मिलेगा। पहले दिन भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा, जबकि विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन स्टार नाइट का आयोजन भी किया जाएगा। 04 मई को लोक गायक दर्शन फर्स्वाण, गोविंद दिगारी और खुशी दिगारी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 05 मई को माया उपाध्याय, इंदर आर्य और नीरज चुफाल मंच पर नजर आएंगे। 06 मई को श्वेता महारा, फौजी ललित मोहन जोशी, स्वामी भट्ट, सौरभ मैठानी और हरि जोशी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
महोत्सव में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पाद और उत्तराखंड के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


