Khatima News: जंगल में चारा लेने गई महिला को हाथी ने कुचला, परिवार में मचा कोहराम
जंगल में हाथी के हमले में 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत।
55 वर्षीय देवकी राणा गांव की अन्य महिलाओं के साथ चारा और जंगली मशरूम बीनने गई थीं जंगल, अचानक हाथी के हमले में हुई दर्दनाक मौत।
खटीमा। घर से मवेशियों के लिए चारा और जंगल से मशरूम बीनने निकली 55 वर्षीय देवकी राणा को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। जंगल में अचानक सामने आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में देवकी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं और घर में मातम पसरा दिया।
जानकारी के अनुसार, खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव निवासी देवकी राणा पत्नी जवाहर सिंह राणा शुक्रवार को गांव के अन्य लोगों के साथ हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज स्थित सेनापानी जंगल गई थीं। सभी लोग जंगल में मवेशियों के लिए चारा और जंगली मशरूम बीन रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी सामने आ गया और उसने देवकी राणा पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटककर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हमले से जंगल में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पुत्र ने वन विभाग की चौकी को सूचना दी। इसके बाद शारदा रेंज की एसडीओ शालिनी जोशी, वन क्षेत्राधिकारी मेधा सिंह समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बनबसा थाना, चंपावत की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश गुणवंत ने बताया कि घटना जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो, सेनापानी स्थित शारदा रेंज क्षेत्र की है। मृतका खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की निवासी थीं। वन विभाग और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जंगल में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गई देवकी राणा की इस तरह असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर से वह चारा लेने निकली थीं, वहां अब उनकी वापसी का इंतजार हमेशा के लिए अधूरा रह गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


