गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति: CM धामी
हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा के दौरान स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देते अधिकारी और पत्रकार
हल्द्वानी, नैनीताल और देहरादून में श्रद्धांजलि सभाएं, नवीन मीडिया सेंटर और कॉन्फ्रेंस हॉल का नामकरण स्व. जोशी के नाम पर करने का प्रस्ताव
हल्द्वानी/नैनीताल/देहरादून। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर हल्द्वानी, नैनीताल और देहरादून में शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके योगदान, कार्यशैली और सहज व्यक्तित्व को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने दूरभाष से शोक सभा को किया संबोधित
हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है और वे व्यक्तिगत रूप से भी इससे बहुत आहत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जोशी का जाना सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने कार्यों और व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरण में रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए विचार-विमर्श कर सभी की सहमति से आवश्यक कार्य किया जाएगा।
हल्द्वानी की श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित पत्रकारगण और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नैनीताल में कॉन्फ्रेंस हॉल के नामकरण का भी प्रस्ताव
नैनीताल स्थित जिला सूचना कार्यालय में भी पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक सभा आयोजित कर स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सूचना संपादक कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय जोशी अपने दायित्वों के प्रति सदैव समर्पित रहे और हर परिस्थिति में मजबूती के साथ खड़े रहने वाले तथा पूरी निष्ठा से कार्य करने वाले अधिकारी थे।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी ने अपने कार्य, व्यवहार और सहज व्यक्तित्व से जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक लोगों के बीच स्मरणीय रहेगी। उनका योगदान और कार्यशैली हमेशा याद की जाएगी।
इस दौरान पत्रकारों ने सर्वसम्मति से जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल तथा हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा। कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए इन मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
शोक सभा में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम नारायण, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, किशोर जोशी, अफजल हुसैन फौजी, रवि पांडे, दामोदर लोहनी, कमल जगाती, तेज सिंह, गौरव जोशी, सुनील बोरा, वीरेन्द्र बिष्ट, नरेश कुमार, संदीप कुमार, पंकज कुमार, नवीन तिवारी, राजू पांडे, सुरेश कांडपाल, शीतल तिवारी, गुड्डू ठठोला, तनुज पांडे, आकांक्षी, योगिता तिवारी, दीप्ति बोरा, सुमन सहित पत्रकारगण और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सूचना मुख्यालय देहरादून में भी दी गई श्रद्धांजलि
देहरादून स्थित सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के मुख्यालय में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी की उपस्थिति में आयोजित शोक सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी के निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक केएस चौहान एवं नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि बिजारनिया एवं बद्री चन्द सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हल्द्वानी, नैनीताल और देहरादून में आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के योगदान और स्मृतियों को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


