Earthquake in Uttarakhand: यहां देर रात भूकंप के हल्के झटके, घरों से बाहर निकले लोग
उत्तरकाशी में भूकंप के हल्के झटकों का प्रतीकात्मक चित्र।
रिक्टर स्केल पर 2.4 रही तीव्रता, भटवाड़ी क्षेत्र के गणेशपुर जंगल में रहा भूकंप का केंद्र
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। अचानक धरती हिलने का एहसास होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार भूकंप रात 10:40:40 बजे आया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) नई दिल्ली द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.4 दर्ज की गई।
बताया गया कि भूकंप का केंद्र तहसील भटवाड़ी के गणेशपुर जंगल क्षेत्र में था, जबकि इसकी गहराई पृथ्वी की सतह से लगभग 5 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप के झटके मुख्य रूप से उत्तरकाशी जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए। अन्य तहसील क्षेत्रों से झटकों की कोई सूचना नहीं मिली है।
भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों, पुलिस वायरलेस और राजस्व उप निरीक्षकों के माध्यम से स्थिति की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


