Almora Bus Accident: माता -पिता को खोने वाली शिवानी के लिए धामी सरकार ने लिया बड़ा फैसला
देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखण्ड अंतर्गत मरचुला क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे में माता-पिता को खोने वाली चार वर्षीय शिवानी के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना में गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शिवानी की देखभाल और शिक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा उठाने की घोषणा की है।
सीएम धामी ने इस कठिन घड़ी में एक संवेदनशील निर्णय लिया, जिसमें उन्होंने कहा, “कल मर्चुला में हुई बस दुर्घटना ने हम सभी को झकझोर दिया है। इस घातक हादसे में जो परिवार अपने प्रियजनों को खो चुके हैं, मैं उनके प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। खासकर, शिवानी बिटिया, जिसने इस हादसे में अपने माता-पिता को खो दिया, उसकी देखभाल और शिक्षा की जिम्मेदारी अब हमारी सरकार उठाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का यह संकल्प है कि वह शिवानी को एक सुरक्षित और उज्जवल भविष्य देने में पूरी तरह से सहयोग करेगी। उन्होंने आगे कहा, “शिवानी को अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने का पूरा मौका मिलेगा। हम उसकी शिक्षा और जीवन के अन्य पहलुओं का ध्यान रखेंगे, ताकि वह भविष्य में आत्मनिर्भर बने और अपने माता-पिता के खोने का दुख पीछे छोड़ सके।”
सीएम धामी ने यह भी कहा कि ऐसे कठिन समय में उत्तराखंड सरकार का कर्तव्य बनता है कि वह प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करे और उनके जीवन को फिर से स्थिरता दे। उन्होंने यह भी जताया कि राज्य सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद देने के लिए तैयार है।
अस्पताल में बार-बार मम्मी मम्मी पुकार रही मासूम
अस्पताल में भर्ती चार साल की मासूम के बिलखने और बार-बार मम्मी-मम्मी पुकारने की आवाज हॉस्पिटल कर्मियों को भावुक कर रही थी। किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी कि उस मासूम को कैसे बताएं कि जिन्हें वह बुला रही है वह कभी लौटकर नहीं आएंगे। मरचूला हादसे ने उसके सिर से मां-पिता का साया छीन लिया है। बच्ची की देखरेख के लिए उसके नाना हरिकृष्ण नेगी, नानी सुशीला देवी अस्पताल पहुंच गए हैं। दोनों अपने बेटी-दामाद को खोने का गम छुपाए अपनी नवासी की तीमारदारी में लगे हैं।
चार साल की शिवानी पौड़ी जिले के बिरखेत की रहने वाली है, शिवानी अपने पिता मनोज रावत और माता चारू देवी के साथ दीपावली पर अपने गांव आई थी ,सोमवार चार नवंबर को शिवानी अपने माता-पिता के साथ बस में सवार होकर रामनगर के लिए निकली थी. लेकिन बीच रास्ते में बस खाई में गिर गई और शिवानी के माता-पिता की मौत हो गई वहीं शिवानी भी इस हादसे में गभीर रूप से घायल हुई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


