Dehradun News: मेगा ड्राइव से गांव तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, 229 लोगों की जांच
नालसा मेगा ड्राइव के तहत ग्रामीणों को स्वास्थ्य और नेत्र जांच की सुविधा मिली।
नालसा मेगा ड्राइव के तहत 500 से अधिक परिवारों तक पहुंचा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और जरूरतमंदों को बांटे गए बिस्तर
देहरादून, 22 अक्टूबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के मेगा ड्राइव अभियान के तहत देहरादून की ग्राम पंचायत धूलकोट माफी में वृहद स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। ग्राफिक एरा हॉस्पिटल और राही नेत्रधाम हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविर में 100 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जबकि 129 लोगों की आंखों की जांच की गई।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में ग्राम पंचायत धूलकोट माफी में पिछले दो माह से अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गांव को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करना और ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा जनकल्याणकारी सेवाओं से जोड़ना है।
स्वास्थ्य शिविर में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ और कान-आंख संबंधी रोगों के चिकित्सकों के साथ फार्मासिस्ट तथा नर्सिंग स्टाफ ने सेवाएं दीं। ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही, स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार और आगे की जांच के संबंध में जानकारी देने के साथ निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
राही नेत्रधाम हॉस्पिटल की मोबाइल वैन के माध्यम से आयोजित नेत्र शिविर में 129 लोगों की आंखों की जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों को नेत्र रोगों की समय पर पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार के महत्व के प्रति जागरूक किया।
दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को सहायता
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार वॉकर, बैसाखी और छड़ी जैसे सहायक उपकरण वितरित किए। मस्ती ज्यादे फाउंडेशन के सहयोग से जरूरतमंद ग्रामीणों को फोल्डिंग बेड, रजाइयां और गद्दे भी दिए गए।
30 पीएलवी ने 60 दिनों में 500 से अधिक परिवारों से किया संपर्क
नालसा मेगा ड्राइव अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के 30 पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) पिछले करीब 60 दिनों से धूलकोट माफी में घर-घर जाकर ग्रामीणों को विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान 500 से अधिक परिवारों से संपर्क कर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
अभियान के तहत अब तक नौ वृद्धावस्था पेंशन, नौ दिव्यांग प्रमाणपत्र या पेंशन, 27 आयुष्मान कार्ड, 36 किसान सम्मान संबंधी लाभ और 70 श्रम कार्ड बनवाए गए। जरूरतमंदों को कंबल, रजाइयां, गद्दे, पलंग, मेडिकल किट और दिव्यांग सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
इसके अतिरिक्त सात लोगों के मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन कराए गए, जो सफल रहे। वहीं, 11 बच्चों को शिक्षा के अधिकार के तहत स्कूलों में प्रवेश दिलाकर शिक्षा से जोड़ा गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से जारी यह अभियान ग्रामीणों तक कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर केंद्रित है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


