Almora News: कोसी-रामगंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए डीएम सख्त, दिए निर्देश
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कोसी और रामगंगा नदियों को स्वच्छ रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नदी किनारे कूड़ा निस्तारण, एसटीपी के कार्यों में तेजी और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर होगी चालान की कार्रवाई।
अल्मोड़ा, 22 अक्टूबर 2026: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कोसी एवं रामगंगा नदियों के संरक्षण, नदी क्षेत्रों की स्वच्छता तथा नदियों में प्रदूषण की रोकथाम से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में दोनों नदियों के फ्लड प्लेन जोन की रिपोर्टों की समीक्षा तथा इन क्षेत्रों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित करने पर चर्चा हुई। जल संस्थान ने बख स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उन्नयन और पेयजल निगम ने पांडे खोला स्थित एसटीपी के कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। सीवरेज नेटवर्क से संबंधित संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नदी किनारे ठोस अपशिष्ट के समुचित निस्तारण एवं स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, पुराने संचित कचरे के निस्तारण में तेजी लाने तथा नगर की जल निकासी व्यवस्था में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों को पहले नोटिस देने और अनुपालन न करने पर चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम को सभी वार्डों में जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिकारियों को स्वयं प्रतिभाग कर लोगों को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करने को कहा।
बैठक में स्वजल विभाग के सोक पिट निर्माण की प्रगति तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ नदी संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना अधिकारी गंगा सुरक्षा समिति रंजीता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


