देहरादून: गैस डिलीवरी पर सख्ती, अनुबंधित वाहनों की अनिवार्यता; क्यूआरटी की 50 स्थानों पर छापेमारी, 12 सिलेंडर जब्त
डीएम के निर्देश पर सख्ती, नियम तोड़ने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई तय
देहरादून, 29 मार्च 2026। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह और पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रिंग रोड क्षेत्र में भारत गैस के कई डिलीवरी मैन मोटरसाइकिल के माध्यम से गैस सिलेंडर की आपूर्ति करते पाए गए, जिनका तेल कंपनी से कोई अनुबंध नहीं था। इस पर टीम ने कालाबाजारी की आशंका जताते हुए संबंधित एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी। इसके बाद अरविंद गैस एजेंसी और आधुनिक गैस एजेंसी के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया, जहां छोटे वाहनों के जरिए गैस आपूर्ति किए जाने की पुष्टि हुई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित लोडर वाहनों के माध्यम से ही की जाए। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार से छोटे या गैर-अनुबंधित वाहनों से गैस वितरण करते पाया गया तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमों का गठन भी किया गया है। ये टीमें लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर अब तक गैस आपूर्ति से संबंधित 19 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, जिले में आज लगभग 17,959 घरेलू और 407 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू गैस के 36,534 और व्यवसायिक गैस के 1,671 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक गैस की आपूर्ति भी लगातार बढ़ाई जा रही है।
वहीं, डीएम की क्यूआरटी टीमों ने 50 स्थानों पर छापेमारी करते हुए 12 सिलेंडर जब्त किए। विकासनगर में 12 घरेलू सिलेंडर कब्जे में लिए गए तथा 7 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम द्वारा राजीव नगर एवं रिस्पना पुल स्थित करीब 38 दुकानों पर भी कार्रवाई की गई।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


