देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया
देशभर से पहुंचे युवा खिलाड़ियों के बीच मुख्यमंत्री ने खेलकर बढ़ाया उत्साह, खेलों को बताया व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत आधार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इसके लिए उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी जताया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे जीवन मूल्यों का विकास होता है, जो युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे न केवल अपने-अपने राज्यों का, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और संकल्प भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से भारत ने खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान मजबूत की है।
उन्होंने कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन गर्व का विषय है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में स्थापित किया गया है, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया।
इस अवसर पर खजान दास, नरेश बंसल, कुलदीप बुटोला, हेमराज बिष्ट, अमित सिन्हा और चेतन गुरुंग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


