Dehradun News: दिवाली की रात दोस्तों संग निकला 15 वर्षीय अर्श, सुबह मिली मौत की खबर
देहरादून में दिवाली की रात 15 वर्षीय किशोर की मौत से सनसनी।
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में तड़के हुआ विवाद, पिता ने दोस्तों पर पीट-पीटकर हत्या करने का लगाया आरोप; पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
देहरादून, 9 नवंबर 2026। राजधानी देहरादून में दिवाली की रात दोस्तों के साथ त्योहार मनाने गए 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों और अन्य युवकों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अर्श अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अर्श दिवाली मनाने अपने दोस्त के घर गया था। रात करीब 12 बजे तक उसकी पिता नदीम अंसारी से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान अर्श और उसके दोस्तों ने साथ में खाना खाया और पटाखे जलाकर दिवाली मनाई। इसके बाद पिता सो गए।
आरोप है कि तड़के करीब तीन बजे अर्श अपने दोस्त फहीम और अन्य साथियों के साथ कार से नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के सूरी चौक के पास पहुंचा। वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
इसी दौरान कार का दरवाजा खोलते समय वह दूसरे पक्ष के एक युवक के पैर से टकरा गया। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि श्रेयस, मंकू और उनके साथ मौजूद अन्य युवकों ने अर्श के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घसीटकर दूर तक ले गए।
बताया जा रहा है कि अर्श की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसे अस्पताल छोड़कर उसके साथ आए युवक वहां से चले गए। इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद कार की पिछली सीट पर खून के निशान मिलने की बात भी सामने आई है।
सुबह करीब छह बजे पिता नदीम अंसारी को बेटे की मौत की सूचना मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने श्रेयस, मंकू और उनके साथियों पर बेटे को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाते हुए घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सूरी चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना में शामिल बताए जा रहे नाबालिग और बालिग युवकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


