नैनीताल/हल्द्वानी: राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को नमन, आंदोलनकारी सम्मानित
राज्य स्थापना दिवस पर सादगी से आयोजित कार्यक्रम में शहीदों और आंदोलनकारियों को किया गया नमन।
नैनीताल और हल्द्वानी में सादगी एवं सम्मान के साथ मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देकर निरस्त किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

नैनीताल/हल्द्वानी, 09 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ जनपद नैनीताल में श्रद्धा, सम्मान और सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया गया। नैनीताल में दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में स्थापना दिवस का कार्यक्रम सादगी से आयोजित किया गया, जबकि हल्द्वानी में आयोजित समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने के साथ ही डिजिटल आईडी कार्ड वितरित किए गए।
नैनीताल के डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विगत दिवस दिवंगत हुए पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल तथा स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दोनों दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया गया। सांसद अजय भट्ट ने बताया कि दिवंगत आंदोलनकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता निरस्त कर दी गई हैं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का उत्तराखंड निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी राज्य के आदर्श हैं और उनके संघर्ष एवं बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ा है। सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना करते हुए खरीदारी भी की तथा महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।
इसके बाद सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आंदोलनकारियों को राज्य का आदर्श बताते हुए उनके सम्मान और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताया।
वहीं, हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन की एकजुटता, शहीदों के बलिदान और राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया। साथ ही राज्य गठन के 26 वर्षों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में हल्द्वानी सहित जनपद की विभिन्न तहसीलों में राज्य आंदोलनकारियों को डिजिटल आईडी कार्ड भी वितरित किए गए। समारोह में दर्जा राज्यमंत्री हुकम सिंह कुंवर, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा और केदार पलड़िया सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
नैनीताल और हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान तथा कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
इस अवसर पर नैनीताल में शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य और नितिन कार्की सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
हल्द्वानी में राज्य आंदोलनकारी जगमोहन चिलवाल, लक्ष्मी डंगवाल, अवतार सिंह, तरुण पंत, कैलाश साह, पंकज सुयाल, केशव दत्त, रीता फर्त्याल, भास्कर बृजवासी, धर्मानंद पलड़िया और हेमंत बगड़वाल सहित नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


