देहरादून: OBC कल्याण के लिए धामी सरकार प्रतिबद्ध, संसदीय समिति ने CM धामी से की भेंट
मुख्यमंत्री आवास में ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर हुई चर्चा
देहरादून, 16 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ओबीसी वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय और विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओबीसी संसदीय समिति सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओबीसी वर्ग के कल्याण के लिए विधिक और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं की नियमित समीक्षा, फीडबैक और फॉलोअप के माध्यम से लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 90 जाति एवं उपजाति समुदाय ओबीसी सूची में शामिल हैं और राज्य सरकार इनके विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की नीतियों और बजट में गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जाती है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
बैठक के दौरान ओबीसी वेलफेयर पार्लियामेंट्री कमेटी की ओर से अध्यक्ष सांसद गणेश सिंह सहित सांसद विजय बघेल, स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी, विद्युत बरन महतो, रोडमल नागर, रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, अशोक कुमार यादव, गिरधारी यादव, मस्तान राव यादव बीड़ा, राजेंद्र गहलोत, शुभाशीष खूंटिया, मयंककुमार नायक एवं भीम सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर लोकसभा के संयुक्त सचिव अतुल आनंद, उप सचिव पुनीत भाटिया, मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पीएनबी के जोनल मैनेजर अनुपम सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


