चम्पावत: लोहाघाट को जाम से मिलेगी राहत, मल्टीस्टोरी पार्किंग के लिए ₹114.76 लाख की दूसरी किश्त मंजूर
सीएम धामी ने दी स्वीकृति, निर्माण कार्य को मिलेगी रफ्तार
पार्किंग बनने से बाजार क्षेत्र में जाम से मिलेगी राहत, यातायात होगा सुगम
चम्पावत, 29 मार्च 2026। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट नगर के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मल्टीस्टोरी पार्किंग परियोजना हेतु ₹114.76 लाख की द्वितीय किश्त को स्वीकृति प्रदान की है।
नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अंतर्गत गैस गोदाम के समीप निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी पार्किंग के लिए यह धनराशि जारी की गई है। इस परियोजना को नगर में बढ़ते यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि परियोजना की कुल लागत ₹286.90 लाख है। कार्यदायी संस्था कुमाऊँ मंडल विकास निगम (KMVN) को पहले ही प्रथम किश्त के रूप में ₹114.76 लाख जारी किए जा चुके हैं। अब द्वितीय किश्त के रूप में पुनः 40 प्रतिशत धनराशि स्वीकृत होने से निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस पार्किंग के निर्माण से लोहाघाट के मुख्य बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने संबंधित संस्था को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और तय समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


