चंपावत: 107 ग्राम पंचायतों में 119 किमी फेंसिंग से फसलों को सुरक्षा, ₹76.91 करोड़ की जिला योजना को मंजूरी
आजीविका, स्वरोजगार और कृषि क्षेत्र पर फोकस, सड़क-पेयजल समेत कई विकास कार्य शामिल

चंपावत, 23 अप्रैल 2026: जनपद चंपावत में वर्ष 2026-27 के लिए ₹76.91 करोड़ (7691.40 लाख) की जिला योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इस वर्ष जिला योजना में पारंपरिक निर्माण कार्यों के साथ-साथ आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्रों में बजट बढ़ाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत 107 ग्राम पंचायतों में फसलों की सुरक्षा के लिए 119 किमी चेन लिंक फेंसिंग कराई जाएगी। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ₹500 लाख, 171 पशुपालकों को बकरी पालन यूनिट और 1000 लाभार्थियों को कुक्कुट पालन सहायता दी जाएगी।
विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग की 10 नई सड़कें, 4 पुल-पुलियों का निर्माण और 44 मार्गों का पुनर्निर्माण व सुधार शामिल है। साथ ही 32 नई पेयजल योजनाएं भी प्रस्तावित की गई हैं। पर्यटन एवं सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण के लिए ₹540 लाख तथा बागवानी विकास के लिए ₹477.74 लाख का बजट निर्धारित किया गया है।
जिला योजना को भौतिक, सामाजिक, आजीविका और अन्य चार क्षेत्रों में संतुलित रूप से विभाजित किया गया है। इसमें सड़क, पेयजल, सिंचाई और ऊर्जा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और युवा कल्याण जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
प्रशासन ने योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण और केंद्र-राज्य योजनाओं के समन्वय के साथ लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधूरे और प्रगति पर चल रहे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


