बागेश्वर: अवैध शस्त्रों पर सख्ती, गन हाउस निगरानी और CCTV बैकअप अनिवार्य
डीएम आकांक्षा कोंडे के निर्देश—व्यापक चेकिंग अभियान, लाइसेंस सत्यापन और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
बागेश्वर, 23 अप्रैल 2026: जनपद में अवैध शस्त्रों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
डीएम ने सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य राज्यों से स्थानांतरित होकर आए व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंसों का विशेष अभियान के तहत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जनपद में संचालित हथियार एवं गोला-बारूद की दुकानों (गन हाउस) का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने और निर्धारित सीमा से अधिक कारतूस खरीदने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। सभी गन हाउसों में CCTV कैमरों का कम से कम एक वर्ष का बैकअप सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया है।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक को अपराध प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण से संबंधित मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा डीएम ने बार, पब और अन्य रात्रिकालीन प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने, महत्वपूर्ण स्थानों पर CCTV कैमरों और पुलिस पिकेट बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबे समय से नवीनीकरण न कराने वाले शस्त्र लाइसेंसों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नियमित करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


