बागेश्वर: लाथी–मांजखेत हादसा, डीएम आकांक्षा कोंडे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना
उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बागेश्वर, 21 अप्रैल 2026। लाथी–मांजखेत मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना के बाद मंगलवार सुबह जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने प्रत्येक घायल की स्थिति की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों से उपचार की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी घायलों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को कीमू से चुचेर की ओर जा रही बारातियों से भरी एक बोलेरो कार लाथी–मांजखेत मार्ग पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव उपाध्याय ने जानकारी दी कि दुर्घटना के बाद कुल 12 घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया। वहीं एक घायल को सोमवार शाम और एक को मंगलवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि वर्तमान में छह घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था का जायजा लेते हुए डॉ. राजीव उपाध्याय से वार्ता की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी मरीज को विशेष चिकित्सा सुविधा या रेफरल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि विवाह सीजन के दौरान ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जिलाधिकारी ने इस दौरान अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा पूरे मामले पर सतत निगरानी रखी जा रही है और घायलों के समुचित उपचार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


