Almora News: धौलादेवी में शैक्षिक सुविधाओं को मजबूती, भेटा बडौली बना क्लस्टर विद्यालय
भेटा बडौली में क्लस्टर विद्यालय के रूप में संचालित शैक्षिक गतिविधियां
राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ध्याड़ी भी क्लस्टर से जुड़ा, विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर संसाधन, विषयवार शिक्षक और वाहन सुविधा
अल्मोड़ा, 24 सितंबर 2026: जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड धौलादेवी में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर राजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली को क्लस्टर विद्यालय के रूप में संचालित किया गया है। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ध्याड़ी को भी इस क्लस्टर से जोड़ा गया है। इससे दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों को एकीकृत शैक्षिक वातावरण में अध्ययन करने तथा उपलब्ध शिक्षकों, भवन एवं अन्य संसाधनों का साझा लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
क्लस्टर व्यवस्था के अंतर्गत दोनों विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षकों के अनुभव एवं विषय विशेषज्ञता का समेकित उपयोग करते हुए कक्षा एवं विषयवार शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इससे विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिक्षण में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा उनकी व्यक्तिगत शैक्षिक आवश्यकताओं पर ध्यान देने में सहायता मिलेगी।
पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ स्थानों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों की कठिनाइयों को देखते हुए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की पहल भी की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा दूरी और परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को कम करना है।
राजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली में उपलब्ध नवनिर्मित एवं बेहतर कक्षा-कक्षों में क्लस्टर विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन सुविधाओं का उपयोग दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा, जिससे उपलब्ध आधारभूत संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
विद्यालय में शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में हाईटेक शौचालय का निर्माण, खेल मैदान का विकास एवं सुदृढ़ीकरण तथा विज्ञान विषय के प्रयोगात्मक अध्ययन के लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


