अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री धामी, बलिदान को किया नमन
अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के परिजनों से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा, स्मृति में भव्य गेट निर्माण की घोषणा

अल्मोड़ा, 21 जून 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचे और उनके माता-पिता, भाई समेत अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से घटना की जानकारी ली और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर अमरत्व प्राप्त किया है। राष्ट्र उनकी वीरता, साहस और समर्पण को सदैव याद रखेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में एक भव्य प्रवेश द्वार (गेट) के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान और उनके आश्रितों का कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सेना के एक अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद का अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दुःख की इस घड़ी में पूरा प्रदेश और राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
इस दौरान मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


