World Tiger Day: गुलदार से पिता की जान बचाने वाली चम्पावत की बेटी को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित
विश्व बाघ दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत की किरण पाण्डेय को सम्मानित किया।
सिमल्टा गांव में गुलदार के हमले के दौरान सूझबूझ और बहादुरी से पिता सहित ग्रामीणों की जान बचाने पर किरण पाण्डेय को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
चंपावत/देहरादून, 29 जुलाई 2026। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के जाखन स्थित एक होटल में आयोजित “एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन” विषयक राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान साहस एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
इस दौरान जनपद चम्पावत के सिमल्टा गाँव की साहसी बेटी श्रीमती किरण पाण्डेय को उनकी अद्वितीय बहादुरी के लिए मुख्यमंत्री ने सम्मानित करते हुए “ग्लोबल टाइगर डे”का मोमेंटो एवं 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया।
ज्ञातव्य है कि सिमल्टा गाँव में हुई एक साहसिक घटना के दौरान किरण पाण्डेय ने अपने पिता श्री सुरेश चन्द्र पाण्डेय पर हुए गुलदार के हमले के समय अद्भुत साहस, सूझबूझ एवं धैर्य का परिचय दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने गुलदार को कमरे में बंद कर दिया, जिससे न केवल अपने पिता की जान बचाई बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी संभावित खतरे से सुरक्षित रखा।
उनके इस साहसिक एवं प्रेरणादायी कार्य की प्रदेशभर में सराहना हुई। मा.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किरण पाण्डेय के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे साहसिक कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम, सूझबूझ और साहस का परिचय देने वाले नागरिक सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं। उनके इस कार्य से समाज में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश भी गया।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


