Bageshwar News: गोमती नदी में गिरी स्कूटी, युवक की मौत; फरवरी में होनी थी शादी
गोमती नदी में स्कूटी हादसे के बाद युवक का शव बरामद करती रेस्क्यू टीम
सेंट जोसेफ स्कूल के पास हादसा, एसडीआरएफ और पुलिस ने रेस्क्यू कर नदी से निकाला शव; जिला अस्पताल में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे मोहित मेहरा
बागेश्वर, 27 अक्टूबर 2026। बागेश्वर में सेंट जोसेफ स्कूल के समीप स्कूटी समेत गोमती नदी में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर फायर सर्विस, कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहित मेहरा (27) पुत्र मोहन सिंह मेहरा, निवासी एराड़ क्षेत्र, रानीखेत के रूप में हुई है। वह बागेश्वर जिला अस्पताल में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे। उनकी शादी आगामी फरवरी में तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मोहित मेहरा बागेश्वर के अडोली क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे। मंगलवार को वह नदी गांव में स्कूटी धुलवाने गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनकी एक दोस्त से फोन पर बातचीत हो रही थी। कुछ समय बाद जब दोस्त का उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो उसने कई बार फोन मिलाया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद दोस्त ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उनकी तलाश शुरू की।
इसी बीच स्थानीय लोगों ने सेंट जोसेफ स्कूल के समीप स्कूटी के गोमती नदी में गिरने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस, कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान नदी में स्कूटी संख्या यूके-02-9058 डूबी हुई मिली। टीम ने रस्सों की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कूटी को बाहर निकाला। इसके बाद गहरे पानी में युवक की तलाश जारी रखी गई। लगातार प्रयासों के बाद मोहित का शव नदी से बरामद किया गया। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता के स्थान पर मिली थी नौकरी
मोहित मेहरा को वर्ष 2020 में अपने पिता के स्थान पर जिला अस्पताल में नौकरी मिली थी। वह करीब छह वर्षों से अस्पताल में कनिष्ठ सहायक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। परिवार में उनकी मां बसंती देवी और भाई करन मेहरा हैं। बताया जा रहा है कि मोहित की शादी आगामी फरवरी में होनी तय थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


