Uttarakhand: चारा लेने गई महिला को वन्यजीव ने हमला कर मौत के घाट उतारा, परिवार में मचा कोहराम

क्षत-विक्षत हालत में मिला महिला का शव
घटना की जांच में जुटी वन विभाग और पुलिस की टीम
चम्पावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले से टिकट खबर है यहां चारा लेने जंगल की ओर गई बनबसा के सुदूरवर्ती मझगांव निवासी एक महिला को जंगली जानवर ने हमला कर मार डाला। सूचना पर पुलिस और वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला पर किस जानवर ने हमला किया है। वन विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे है। इधर घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बुधवार सुबह बनबसा के मझगांव निवासी बिरमा देवी (50) पत्नी उदय चंद पशुओं के लिए चारा लेने अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थीं। सभी महिलाएं कुछ-कुछ दूरी पर चारा काट रही थीं। करीब 11 बजे साथ गईं महिलाओं ने बिरमा देवी के चीखने की आवाज सुनी तो सभी आवाज आने वाली दिशा की ओर शोर मचाते हुए दौड़ीं। महिलाओं ने बिरमा देवी को किसी जंगली जानवर की ओर से घसीटते हुए देखकर हो-हल्ला किया। अधिक दूरी होने के कारण महिलाएं स्पष्ट नहीं देख पाई की जानवर कौन सा था।
घटनास्थल से करीब डेढ़ किमी दूर महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रशासक दीपक प्रकाश चंद की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया है कि महिला की जान किस जानवर ने ली है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। इधर, घटना से मझगांव, देवीपुरा और गुदमी में शोक की लहर के साथ ही ग्रामीणों में दहशत है।
जंगली जानवर के हमले में जान गंवाने वाली बिरमा देवी का पति उदय चंद मेहनत मजदूरी करता है। उनकी एक एक ही बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। पूर्वी तराई वन प्रभाग खटीमा की एसडीओ संचिता ने बताया है कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत किसी जंगली जानवर के हमले में होने का अंदेशा है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग के नियमों के तहत मृतका के परिजनों को तत्काल राहत राशि और उचित मुआवजा दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
गांव में दिखाई दे रहा है तेंदुआ
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों के आसपास कई दिनों से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। इससे उनके लिए दिन में भी बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मझगांव, देवीपुरा, गुदमी, लटाखल्ला, भैंसाझाला, बमनपुरी, चंदनी, फागपुर, सेना छावनी और एनएचपीसी के आसपास आए दिन तेंदुए की गतिविधि देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग की है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें