Chamoli Accident: बड़ा हादसा, अस्पताल की क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से प्रभारी चिकित्साधिकारी की मौत
नारायणबगड़ पीएचसी में क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से हुआ हादसा
मरम्मत कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे डॉ. नवीन डिमरी, अचानक गिरी क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के मलबे में दबे
चमोली,11 जुलाई 2026। लगातार बारिश के बीच चमोली जिले के नारायणबगड़ में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत कार्य का जायजा लेने पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ। बताया गया कि बीते 25 जून को भारी बारिश के दौरान अस्पताल परिसर की सुरक्षा दीवार का निचला हिस्सा मलबा आने से क्षतिग्रस्त हो गया था। शनिवार सुबह से ही दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था।
ओपीडी के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. डिमरी मरम्मत कार्य देखने पहुंचे थे। इसी दौरान दीवार का करीब सौ मीटर हिस्सा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर डॉ. डिमरी को मलबे से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां तैनात चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
12 वर्षों से दे रहे थे सेवाएं
मूल रूप से गोपेश्वर के देवलधार निवासी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी वर्ष 2014 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में संविदा चिकित्सक के रूप में तैनात हुए थे। वर्ष 2016 में उन्हें चिकित्सा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लंबे समय से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे डॉ. डिमरी के निधन से स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों में शोक की लहर है।
बारिश से पहले ही कमजोर हो चुकी थी दीवार
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण अस्पताल परिसर की सुरक्षा दीवार पहले ही कमजोर हो चुकी थी। शनिवार को इसी क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान कमजोर दीवार अचानक गिर गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा। परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


