उत्तराखंड Weather Update: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में चलेगी तेज हवाएं, इस दिन से फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में बदला मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार।
7 मई तक जारी रहेगा बारिश और ठंडी हवाओं का दौर, उसके बाद बढ़ेगी गर्मी
देहरादून, 06 मई 2026: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं धूप खिल रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। पहाड़ी जिलों में ठंडक बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में भी मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत ऊंचाई वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जना के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
बताया गया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से करीब 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जबकि मैदानी इलाकों में भी तापमान में लगभग 6.7 डिग्री की कमी आई है।
7 मई तक बारिश का दौर, फिर मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार छह और सात मई तक पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछारों का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
हालांकि आठ मई से 10 मई के बीच अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।
11 मई से फिर बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 11 मई से एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में दोबारा बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।
फिलहाल अगले एक-दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद पारा तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी में इजाफा होगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


