Uttarakhand Weather Update: भारी बारिश के ऑरेंज और येलो अलर्ट के बीच दो जिलों में कल स्कूल बंद
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए रुद्रप्रयाग और बागेश्वर प्रशासन ने 30 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए।
आईएमडी की चेतावनी के बाद बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 30 जुलाई को बंद रहेंगे, चार जिलों में ऑरेंज और छह जिलों में येलो अलर्ट जारी।
देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने गुरुवार (30 जुलाई) के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए चार जिलों में ऑरेंज और छह जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। एहतियातन बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई (गुरुवार) को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र गुरुवार को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले बागेश्वर जिला प्रशासन भी गुरुवार के लिए सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर चुका है। लगातार सक्रिय मानसून और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए दोनों जिलों में यह निर्णय एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


