Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून का असर बरकरार, पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में भारी बारिश की संभावना; प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा का पूर्वानुमान
देहरादून, 12 सितंबर 2026। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय बनी हुई हैं। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं धूप-छांव के बीच मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों पर झमाझम वर्षा हुई। अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान चकराता में 60 मिलीमीटर, पोखरी में 34 मिलीमीटर, अगस्त्यमुनि में 29 मिलीमीटर और जौलजीबी में 28 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 3 घंटे का तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार सुबह 7:00 बजे अगले तीन घंटे के लिए तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल विकसित होने तथा हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका है। मौसम विभाग ने जारी पूर्वानुमान के अनुरूप सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
देहरादून में दिन में धूप, शाम को बदला मौसम
देहरादून में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे तापमान में उछाल दर्ज किया गया। शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल घिरने के साथ तेज बौछार पड़ी। झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई और रात में मौसम सुहाना हो गया।
मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान
मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। दिन में धूप और उमस के बाद शाम या रात के समय वर्षा होने से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार शनिवार को प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। पांच जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट है, जबकि तत्काल तीन घंटे के पूर्वानुमान में देहरादून समेत पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


