उत्तराखंड मौसम अपडेट: दो दिन की बारिश से पारा 7°C गिरा, जानिए अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान
पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना, 10 अप्रैल से मौसम में सुधार के संकेत
देहरादून। बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। बुधवार सुबह बारिश के कारण लोगों को दफ्तर और बाजार जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 9 अप्रैल (बृहस्पतिवार) को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है।
मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज के साथ बादल बनने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 10 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में सुधार होने की संभावना है। कुछ सीमांत पर्वतीय जनपदों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रह सकता है।
10 अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गर्जन के साथ वर्षा की संभावना है। वहीं 3700 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


