Uttarakhand Weather Update: पहाड़ से मैदान तक आंधी-बारिश का असर, इन जिलों में रहें सावधान
केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात, मसूरी में गिरे ओले—अप्रैल में लौटी ठंड
60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी, कई जिलों में अलर्ट
देहरादून। Uttarakhand Weather Update के तहत उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शनिवार को केदारनाथ धाम सहित ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ, जबकि पहाड़ों की रानी मसूरी में जमकर ओलावृष्टि दर्ज की गई। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी तथा मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है, जिससे अप्रैल माह में भी ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार रविवार 5 अप्रैल को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज के साथ बारिश तथा 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, बिजली गिरने और लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
तापमान की स्थिति
देहरादून: अधिकतम 30.1°C / न्यूनतम 18.9°C
ऊधमसिंह नगर: 32.8°C / 20.2°C
मुक्तेश्वर: 18.1°C / 9.2°C
नई टिहरी: 19.5°C / 9.1°C
आने वाले दिनों का मौसम:
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। वहीं 9 अप्रैल से मौसम में कुछ सुधार के संकेत मिल रहे हैं। Nowcast For Uttarakhand State, Uttarakhand Weather Update News
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


