Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का जोर, आज कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; IMD ने कहा- रहें सतर्क
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में गर्जन-आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी
देहरादून, 05 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक घने बादलों का डेरा है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार रविवार (5 जुलाई) को कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सौंग में 38 मिमी, कौसानी में 36.5 मिमी और नैनीताल में 35 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुमाऊं मंडल के अधिकांश हिस्सों तथा गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
आज इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी बारिश के प्रबल आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन घंटे का तात्कालिक ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा रविवार सुबह 6 बजे जारी तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चमोली और कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में तेज से अति तेज वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं।
8 जुलाई तक मानसून की सक्रियता तेज
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 8 जुलाई तक मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान अलग-अलग दिनों में कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
6 जुलाई: ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना।
7 जुलाई: देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान।
8 जुलाई: पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का दौर जारी रहने की आशंका जताई गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम 24.8°C दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 37.0°C तथा न्यूनतम 27.6°C रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम 25.2°C और न्यूनतम 16.6°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 26.8°C और न्यूनतम 17.6°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


