Dehradun News: स्कूली वाहनों में मिलीं गंभीर खामियां, 107 की जांच में 35 के चालान
स्कूली वाहनों की जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करते अधिकारी।
डीएलएसए ने शुरू किया एक सप्ताह का विशेष निरीक्षण अभियान, 22 नवंबर तक होगी वाहनों की जांच
देहरादून, 16 नवंबर 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून ने एक सप्ताह का विशेष सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। 16 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन सर्वे चौक पर 107 स्कूली वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 35 वाहनों के चालान किए गए। जांच में कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां भी सामने आईं।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों तथा जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत पहले दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने परिवहन विभाग की टीम के साथ स्कूली बसों, वैन और बच्चों को लाने-ले जाने वाले अन्य वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड किट) नहीं मिली, जबकि कुछ वाहनों में दवाइयां एक्सपायर पाई गईं। कई वाहनों के आपातकालीन निकास द्वार काम नहीं कर रहे थे। इसके अलावा कुछ वाहनों में कैमरे और जीपीएस सिस्टम भी नहीं लगे मिले। स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने के मामले भी सामने आए। इन अनियमितताओं पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों के यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला भी सामने आया। कई बच्चे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के स्कूटी चलाते मिले। कुछ स्कूटियों पर निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। ऐसे बच्चों को मौके पर रोककर यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित सवारी क्षमता और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
निरीक्षण अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत और परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस मौके पर सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि बच्चों का जीवन और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नाबालिग बच्चों द्वारा बिना वैध लाइसेंस एवं हेलमेट के वाहन चलाना चिंताजनक है। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्कूली बसों, स्कूल वैन, कैब और यात्री बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित यात्री क्षमता, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार किट सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर नियमानुसार सुधारात्मक और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी विद्यालय प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और परिवहन एवं यातायात संबंधी सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


