Uttarakhand Weather Update: भारी बारिश की चेतावनी, दो जिलों में स्कूल बंद; अगले 24 घंटे संवेदनशील
भारी बारिश के ऑरेंज-येलो अलर्ट के बीच देहरादून और बागेश्वर में स्कूल बंद, अगले 24 घंटे संवेदनशील।
देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र आज बंद, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी; प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
देहरादून, 5 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में तेज भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे को प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील बताया है। भारी वर्षा, आकाशीय बिजली, भूस्खलन, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और जलभराव की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों में देहरादून, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा देहरादून जिले के कोटी में 145 मिमी, कालसी में 89.5 मिमी और मसूरी में 77.5 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा रानीखेत में 57 मिमी, भीमताल में 52 मिमी और सोनप्रयाग में 30 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
दो जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट ,कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार, 5 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा , हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की चेतावनी दी गई है।
देहरादून और बागेश्वर में आज स्कूल बंद
मौसम विभाग की चेतावनी और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 अगस्त (बुधवार) का एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। देहरादून जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट और संभावित आपदा जोखिम को देखते हुए यह निर्णय लिया है, जबकि बागेश्वर में भी पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है।
अगले 24 घंटे रहेंगे बेहद संवेदनशील
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और संवेदनशील मार्गों पर मलबा आने की आशंका बनी रहेगी। वहीं मैदानी इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
10 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 10 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है तथा समय-समय पर भारी वर्षा के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


